टाहलीवाल (ऊना)। स्थानीय मेन बाजार में लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ी करने के लिए खुदाई करके सड़क का कार्य अधूरा छोड़ दिया। सड़के किनारे की गई खुदाई में बारिश का पानी जमा होने से सड़क नाले में तबदील हो गई है। सड़क में बारिश का पानी जमा होने से स्थानीय दुकानदारों सहित बाजार में आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोनिवि की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। सड़क पर की गई खुदाई के कारण बारिश का पानी जमा होने से स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। जानकारी के मुताबिक टाहलीवाल बाजार के मुख्य चौक के पास लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ी करने के लिए जेसीबी से सड़क किनारे खुदाई कर रखी है। स्थानीय दुकानदारों अमित, सचिन, महिंद्र, छोटूराम, दर्शन, सोनू, बलबिंद्र आदि का कहना है कि सड़क किनारे की गई खुदाई में पानी एकत्रित होने से उक्त जगह नाले में तबदील हो जाती है। इससे बाजार के दुकानदारों, लोगों तथा यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता विजय पराशर का कहना है कि ठेकेदार को काम करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।