मां चिंतपूर्णी दरबार में लगी श्रद्धालुओं की कतारें। स्रोत संवाद
माता रानी के दर्शनों के लिए उमड़ी भीड़ के आगे व्यवस्थाएं नाकाफी
श्रद्धालुओं को धूप से बचाने की व्यवस्था नहीं कर पाया न्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। रविवार छुट्टी के दिन साढ़े 19 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के पावन पिंडी के दर्शन कर सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया। माता के भगत जयकारे लगाते मंदिर परिसर में पहुंचे। दर्शनों के लिए लगी डबल लाइनें लुधियाना धर्मशाला के समीप पहुंच गई थीं। श्रद्धालुओं को धूप, उमस, तीखी गर्मी में ही अपनी बारी की प्रतीक्षा करनी पड़ रही थी। मंदिर प्रशासन ने मात्र कुछ छायामान लगा कर जैसे अपना फर्ज पूरा कर दिया था। लेकिन, व्यवस्था भीड़ के आगे बौनी नजर आई। दर्शनों के लिए आए राकेश कुमार, मनु, राशि, रमा, अतुल कुमार, रमन इत्यादि ने बताया कि भीड़ काफी ज्यादा थी और मंदिर प्रशासन ने मात्र कुछ ही छायामान लगा रखे थे लेकिन, लाइनें तो लुधियाना धर्मशाला के पास पहुंच गईं थीं। मंदिर न्यास को ज्यादा नहीं तो लाइनों में दर्शनों के लिए खड़े श्रद्धालुओं को धूप से बचाने की व्यवस्था तो करनी चाहिए। जब व्यवस्था नहीं होगी तो श्रद्धालु बच्चों और बुजुर्गों के साथ घंटों लाइनों में खड़े होकर कैसे दर्शन आसानी से कर सकते हैं। दूसरी ओर भीड़ के चलते ट्रैफिक पुलिस को मेहनत करनी पड़ी। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। साढ़े 19 हजार श्रद्धालुओं ने मंदिर में आकर माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुछ छायामान लगा रखे थे, लेकिन भीड़ काफी थी। निकट भविष्य में यहां टिन शेड बना कर शीघ्र समस्या का हल किया जाएगा।