नदी-नालों और खड्डों से दूर रहें लोग : डीसी
बरसाती मौसम को लेकर प्रशासन दी हिदायत
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। उपायुक्त ऊना राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए लोग स्वां नदी सहित सभी नदी-नालों और खड्डों से दूर रहें, जिससे किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना घटित न हो सके। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण नदी-नालों और खड्डों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। इसलिए लोग नदी-नालों और खड्डों से दूर रहें। डीसी ने जिले में स्वां नदी सहित अन्य नदी-नालों और खड्डों के आसपास रहने वाले लोगों से भी अपील की है कि वे सुुरक्षित स्थानों पर चले जाएं, जिससे बरसात के दौरान एकाएक जलस्तर बढ़ने से होने वाले किसी भी संभावित खतरे से सुरक्षित रह सकें। साथ ही उन्होंने लोगों से अपने मवेशियों को भी नदी-नालों और खड्डों से दूर रखने का भी आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने नदी-नालों और खड्डों के समीप लोगों को विशेष एहतियात बरतने के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से जगह-जगह चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के भी निर्देश दे दिए हैं। इस संबंध में आईपीएच, पीडब्ल्यूडी, स्वां बाढ़ प्रबंधन प्रोजेक्ट सहित सभी एसडीएम को बरसाती मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी एहतियात कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।