राजीव, कुलप्रीत ने जीता बैडमिंटन खिताब
मैहतपुर में दो दिवसीय बैडमिंटन स्पर्धा का समापन, नप अध्यक्ष मंजू चंदेल ने नवाजे खिलाड़ी
आनंदपुर के राजन ने जीती एकल वर्ग की ट्रॉफी
अमर उजाला ब्यूरो
मैहतपुर(ऊना)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के सेवा सदन में आयोजित दो दिवसीय ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट खिताब पर राजीव सचदेवा-कुलप्रीत राखड़ा की जोड़ी ने कब्जा कर लिया। रोचक फाइनल मैच में मुकेरियां के निखिल-अरुण की जोड़ी ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया लेकिन राजीव सचदेवा-अरुण राखड़ा की जोड़ी ने जीत हासिल की। एकल मुकाबले का फाइनल मैच आनंदपुर साहिब के खिलाड़ी राजन तथा ऊना के पुनीत के बीच खेला गया जिसमें राजन ने पुनीत को शिकस्त देकर एकल वर्ग की ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट के समापन पर स्थानीय नगर परिषद अध्यक्ष मंजू चंदेल ने विजेता तथा उपविजेता रहे खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय सेवा सदन में खिलाड़ियों की सुविधा के लिए और अधिक सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रयासरत हैं। सेवा सदन में बैडमिंटन कोट के लगने से इस खेल से जुड़े खिलाड़ियों को काफी सुविधा मिली है। इससे पहले इस तरह की सुविधा इंदिरा स्टेडियम में ही उपलब्ध थी। चंदेल ने कहा कि युवाओं के लिए यहां जिम की सुविधा में दी जा रही है। चंदेल ने मुख्य आयोजकों रोहित शर्मा और अभिनीत कौशल के साथ-साथ प्रिंस व बॉबी के विशेष योगदान की भी प्रशंसा की। इस मौके पर मंजू चंदेल के साथ कुसुम कौशल, अनीता, मैहतपुर उद्योग संघ के पूर्व प्रधान बलराम चंदेल, अभिषेक कौशल, सुबोद्ध, भारवी, निशा, मोना, ऊषा, प्रिया सहित अनेक लोग मौजूद रहे।