योजनाओं का लाभ उठाएं जनप्रतिनिधि : बलवीर
विधायक ने की पंचायत प्रधानों से मुलाकात
पेयजल किल्लत पर अधिकारियों से करें संपर्क
अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। चिंतपूर्णी के विधायक बलवीर सिंह ने मंगलवार को पंचायत समिति हॉल अंब में क्षेत्र के पंचायत प्रधानों से मुलाकात की। क्षेत्र के लगभग 51 पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों से औपचारिक मुलाकात के मौके पर बलबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हर ग्रामीण क्षेत्र को एक आदर्श ग्राम बनाने की ओर अग्रसर है। इसके लिए यह भी आवश्यक है कि पंचायतों के जनप्रतिनिधि सरकार की ओर से चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में पूरी तरह से जानकारी रखें और उक्त योजनाओं का भरपूर लाभ लें। उन्होंने कहा कि सरकार जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर विकास कार्य के लिए हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि सरकार की ओर से चलाई गई योजनाओं का भरपूर लाभ लें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गर्मी के दृष्टिगत अगर किसी क्षेत्र में पेयजल किल्लत की कोई समस्या सामने आती है तो जनप्रतिनिधि इसके बारे में तुरंत विभाग के अधिकारियों से संपर्क करें। पेयजल जैसी समस्या के बारे में जनप्रतिनिधि उनके साथ भी संपर्क कर इसकी जानकारी दे सकते हैं, जिससे समस्या को समय पर सुलझाया जा सके। इस मौके पर भाजपा मंडल प्रधान श्याम मिन्हास, बीडीओ अंब सलीम आजम, ब्लॉक कोआर्डिनेटर पताशू राम, भाजपा महिला मोर्चा नेता नर्वदा जस्वाल, मंडल महामंत्री जयदेव खट्टा, बीडीसी सदस्य शंभू गोस्वामी, ग्राम पंचायत ज्वार की प्रधान तृष्णा देवी, सपौरी के प्रधान रघुबीर सिंह, राजपुर जस्वां के उपप्रधान अनिल कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।