पीजीटी की सदस्यता करने का विरोध
स्नातकोत्तर अध्यापक संघ ने जताया एतराज
पीजीटी के हित एचपीपीजीटीयू से ही पूरे होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)। हिमाचल प्रदेश स्नातकोत्तर अध्यापक संघ ने लेक्चरर्स संघ की ओर से पीजीटी की सदस्यता किए जाने पर ऐतराज जताया है। हिमाचल प्रदेश पीजीटीयू ऊना की बैठक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चुरडू में हुई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला प्रधान अश्विनी धीमान ने की। इस दौरान उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर लेक्चरर्स एसोसिएशन की ओर से पीजीटी अध्यापकों की सदस्यता किए जाने पर विरोध प्रकट किया गया और सभी पीजीटी अध्यापकों से केवल हिप्र स्नातकोत्तर अध्यापक संघ की सदस्यता लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि पीजीटी के हित केवल एचपीपीजीटीयू द्वारा ही पूरे होंगे। पीजीटी यूनियन पूरी तरह से अपनी मांगों को उठाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि लेक्चरर्स संघ पीजीटी के मामलों में हस्तक्षेप न करे। जो लोग पीजीटी पदनाम को बदलने का शिगूफा छोड़ रहे हैं, उन्हें मालूम होना चाहिए कि यह एक राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अनुबंध के कारण संभव नहीं है। उन्होंने सभी पीजीटी अध्यापकों से लेक्चरर्स संघ का विरोध करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सर्वसम्मति से संघ की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। इसमें रावमापा लोहारा के अजय शर्मा को मुख्य सलाहकार, सुनील कुमार को सचिव हेडक्वार्टर, मरवाड़ी के गुरपाल सिंह को चेयरमैन एक्शन कमेटी, राकेश कुमार को प्रेस सचिव, चंचल कुमार को लेखाकार, जबकि शालिनी गुप्ता को महिला विंग का अध्यक्ष बनाया गया। इस अवसर पर जिला सचिव संजीव कुमार, सचिव सुशील जोशी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चमन कुमार, शिवनाथ, सुबोध, संजीव कुमार, संयोगिता, नीलम, सुमन, मीरा, रजनीश, रमणीक बंसल ललित आदि मौजूद रहे।