ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टक्का में हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन समिति के दिशा-निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय आपदा न्यूनीकरण दिवस मनाया गया। इसमें स्कूली छात्रों के साथ अध्यापकों ने आपदा के समय स्वयं का बचाव करने और इसके घटित होने के बाद आपदा प्रबंधन के गुर सीखे। कार्यक्रम में स्कूल में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य शकुंतला ठाकुर ने बताया कि इससे हम स्वयं के साथ दूसरों को भी सुरक्षित रख सकते हैं। इस दौरान स्कूल शारीरिक शिक्षा अध्यापक विजय कुमार और शशि शर्मा ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं भूकंप, बाढ़, सूखा, सुनामी, चक्रवात और मानव जनित आपदाओं के समय जान माल की सुरक्षा के लिए किए जाने वाले आवश्यक उपाय बताए। मॉकड्रिल में विद्यार्थियों को आपदा में फंसे लोगों की मदद करने और मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के तरीके सिखाए गए।