दौलतपुर चौक (ऊना)। क्षेत्र के गगरेट-दौलतपुर मुख्य मार्ग पर एक निजी स्कूल के पास दियोली खड्ड में मंगलवार को भारी बारिश से आई बाढ़ में दो निजी बसें फंस गईं। खड्ड में बसें फंसने के कारण खड्ड के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सुबह साढ़े दस बजे के करीब खड्ड में आई बाढ़ से कीचड़ में फंसी बसों को कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे निकाला गया। खड्ड के दोनों ओर जाम लगने के कारण वाहन चालकों समेत यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, कर्मचारियों समेत अन्य लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे रहने के कारण क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले कई छात्र समय पर अपनी कक्षाओं में नहीं पहुंच पाए। स्थानीय लोगों अनिल मिन्हास, संजीव चड्डा, रोहित, राहुल, विकास आदि का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बारिश होते ही कभी दियोली में तो कभी घनारी में और कभी अंबोआ और चलेट में दौलतपुर चौक-गगरेट मार्ग बंद हो जाता है। लेकिन, प्रशासन की ओर से रास्ता बंद होने पर तत्काल कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। सड़कों की समस्या हल न होने से लोगों में प्रशासन के प्रति रोष पनप रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से समस्या हल करने के बारे में उचित कदम उठाने की मांग की है।