ैहतपुर (ऊना)। ग्राम पंचायत बनगढ़ पुखरू के वार्ड नंबर चार के निवासी बरसाती पानी की निकासी को लेकर परेशान हैं। लोक निर्माण विभाग की ओर से दो माह पूर्व लगाए गए डंगे की वजह से बरसाती पानी की निकासी पूरी तरह से रुक गई है। इसके चलते बरसाती पानी अब लोगों के घरों और खेतों सहित लाखों की सांसद निधि से बने महिला मंडल भवन में घुस रहा है। बरसाती पानी के बहाव वाले रास्ते में लोक निर्माण विभाग की ओर से डंगा लगाने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह से रुक गई है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि वार्ड के लोगों ने डंगा लगाने से पूर्व विभागीय अधिकारियों से बरसाती पानी की निकासी के रास्ते में डंगा न लगाने की मांग की थी। बावजूद इसके लोक निर्माण विभाग ने लाखों रुपये खर्च कर लोगों के लिए पानी की समस्या खड़ी कर दी है। स्थानीय लोगों में महिला मंडल प्रधान सुलेंद्रा देवी, पवना देवी, मीना देवी, तारा राणी, सुदेश कुमारी, कमला देवी, बलवीर सिंह, हुसन सिंह, मुकेश कुमार, किशोर चंद, जरनैल सिंह, सुभाष चंद आदि का कहना है कि गांव के ही कुछ रसूखदार लोगों के कहने पर विभाग के अधिकारियों ने बरसाती पानी की निकासी के रास्ते में डंगा लगा कर पानी का मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे ग्रामीणों को समस्या पेश आ रही है। लोगों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से पानी की समस्या हल करने की मांग की है। उधर, लोनिवि के एक्सईएन जीएस राणा का कहना है कि मामला उनके ध्यान में है। एसडीओ को समस्या का हल करने के निर्देश दिए गए हैं।