ऊना। जिला में सोमवार को तापमान ने ऊना में अब तक के सबसे उच्चतम आंकड़े की बराबरी कर ली। सोमवार को ऊना जिला का अधिकतम तापमान चौदह साल बाद 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और तेज लू के चलते ऊना के लगभग सभी भवन भठ्ठियों की तरह तप उठे हैं। जिसके कारण जिला के हजारों लोग भी मुसीबतों से घिरे रहे। एकाएक जिला का पारा चढ़ने से लोगों द्वारा घरों में गर्मी से राहत दिलाने के लिए लगाए पंखे, कूलर और एसी आदि भी गर्म हवा छोड़ रहे हैं। जिससे लोगों का घर के अंदर भी हाल बेहाल हो रहा है। वहीं, मौसम विभाग की मानें तो जिला में गर्मी बढ़ने का क्रम अभी आगे भी जारी रहेगा। ऊना में इससे पूर्व 31 मई 2012 को जिला का उच्चतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं दावा किया जा रहा है आज से लगभग 37 वर्ष पहले भी जिला ऊना का पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, सोमवार को पारे के आंकड़े ने तीसरी बार फिर से सालों पुरानी कहानी को दोहरा दिया। सोमवार का दिन ऊना वासियों के लिए बेहद कठिन साबित हुआ। दोपहिया वाहनों पर बिना मुंह ढके या बिना हेल्मेट पहने चलना असंभव हो चुका था। वहीं, मौसम विशेषज्ञ विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि अभी जिला ऊना में बारिश होने के कोई भी आसार नहीं है। जिससे जिला का पारा और बढ़ सकता है।