ऊना। जिले में जल्द खसरा-रूबेला टीकाकरण विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस विशेष अभियान के माध्यम से जिले में 9 माह से 15 वर्ष तक की आयु वाले करीब एक लाख 28 हजार बच्चों को खसरा-रूबेला से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित विभागों के सहयोग से सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण कर लिए हैं। सरकार की ओर से तिथि घोषित होते ही इस अभियान को जिले के सभी चार स्वास्थ्य खंडों में एक साथ चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के क्रियान्वयन के लिए विभाग ने 190 टीमों का गठन कर लिया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए विशेष प्रबंध कर लिए गए हैं। सीएमओ शनिवार को डीआरडीए सभागार मेें मीडिया के लिए आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। सीएमओ ने बताया कि खसरा-रूबेला टीकाकरण अभियान के तहत जिले में 940 स्कूलों को चिन्हित कर लिया गया है। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. सुखदीप सिद्धू, विश्व स्वास्थ्य संगठन की प्रतिनिधि डॉ. निधि तंवर भी उपस्थित रहीं।