ऊना। पुलिस थाना ऊना के तहत गांव डंगोली में पालतू कुत्ते को लेकर हुई मारपीट में एक वृद्ध घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार डंगोली निवासी एक 62 वर्षीय व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पड़ोसियों के साथ पालतू कुत्ते को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनके पड़ोसी आगबबूला हो गए। पड़ोसियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर चोटें पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत करवाया और घायल हालत में पीड़ित को ऊना अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि कुत्ता पड़ोसी की हद में चला गया था, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल के ब्यान कलमबद्ध किए जा रहे हैं। उधर, हरोली क्षेत्र के गांव दुलैहड़ में एक 6 वर्षीय मासूम को लावारिस कुत्ते ने काट लिया। पीड़ित बच्चे को तुरंत उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार दुलैहड़ निवासी जशन अपने घर के समीप खेल रहा था कि तभी एक लावारिस कुत्ते ने उस पर हमला बोल दिया। इससे वह घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। सीएमओ ऊना डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि घायल बच्चे को उपचार दिया गया है। फिलहाल, हालत खतरे से बाहर है।