आरक्षण के विरोध में अंब में थम गए पहिये
अंब (ऊना)। आरक्षण के विरोध में मंगलवार को अंब में वाहनों के पहिये पूरी तरह से थम गए। स्थानीय बाजार बंद रहा। साथ ही निजी रूट की बसें भी नहीं चल पाईं। आरक्षण के विरोध में नारेबाजी के साथ ही सैकड़ों युवाओं ने अंब चौक पर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। इसके चलते अंब बाजार और चौक पर जाम लग गया। इसके पश्चात अंब के एसडीएम सुनील वर्मा ने मौके पर पहुंच कर आंदोलनकारियों से मुलाकात की। इसके बाद आंदोलनकारियों ने जाति आधारित आरक्षण के विरोध में एसडीएम के माध्यम से ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन की सबसे खास बात यह रही कि इसमें किसी भी राजनीतिक दल की छाप नजर नहीं आई। इस मौके पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता एक साथ प्रदर्शन करते नजर आए। उधर स्थानीय ट्रांस्पोर्टरों ने भी बंद को भरपूर समर्थन दिया, जिस कारण लोकल निजी बस रूट ठप रहे।