सांसदों ने प्रदेश को दिलाए करोड़ों के प्रोजेक्ट : प्रवीण
कहा, कांग्रेस ने किया केंद्रीय योजनाएं रोकने का काम
भाजपा से हिसाब मांगने वाले जरा अपने गिरेबान में झांके
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधे जमकर निशाने
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता जो सांसद से हिसाब मांग रहे हैं, वे जवाब दें कि ट्रैक्टर पर टैक्स माफी की घोषणा के बावजूद अधिसूचना क्यों जारी नहीं की। बयान जारी कर उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान ऊना दौरे में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ट्रैक्टर पर टैक्स माफी का एलान किया लेकिन यह घोषणा ही रही और अधिसूचना जारी नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जवाब दें कि बीडीसी और जिला परिषद के चुने जनप्रतिनिधियों की शक्तियों को क्यों बंद किया है। प्रवीण ने कहा कि 14वें वित्त आयोग के तहत केंद्र ने विकास के लिए हर पंचायत को लाखों रुपये विकास कार्यों के लिए मंजूर किए लेकिन जानबूझकर कांग्रेस की सरकार के समय पंचायतों को इन विकास कार्यों पर पैसा खर्च करने की इजाजत तानाशाही के चलते नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि 2014 में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बिलासपुर के लिए एम्स स्वीकृत किया गया लेकिन कांग्रेस सरकार के समय भूमि देने की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबा किया गया। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में बनने वाली सेंट्रल यूनिवर्सिटी को भी राजनीति की भेंट चढ़ाने का काम कांग्रेस सरकार ने किया था। प्रवीण ने कहा कि वाजपेयी सरकार ने हिमाचल को विशेष औद्योगिक पैकेज दिया था लेकिन कांग्रेस सरकार में सोनिया-मनमोहन ने इस पैकेज को खत्म किया। प्रदेश के सभी सांसदों ने हिमाचल के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में विकास एजेंडा भाजपा का है और विकास पर जनता के बीच लोकसभा चुनावों में भी भाजपा जाएगी।