ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शनिवार को बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ जिला ऊना की समस्याओं को लेकर मुख्य चिकित्सक अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें मुख्य चिकित्सक अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने स्वास्थ्य उपकेंद्रों में दवाइयों की सप्लाई के लिए मांग भेजने के लिए बीएमओ को निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्रों को शीघ्र मेंटेनेंस फंड 5 हजार एवं अनटाइड फंड 5 हजार करने के निर्देश बीएमओ को दे दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य उपकेंद्रों की मरम्मत के लिए स्वास्थ्य निदेशालय से मांग की जाएगी। डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों को अगले वर्ष डायरियां उपलब्ध करवा दी जाएंगी। सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों में स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। इसमें सभी लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर मासिक बैठक करने के लिए उचित स्थान न होने के कारण उच्च अधिकारियों से भवन निर्माण की व्यवस्था करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से समय-समय पर ओरिएंटेशन ट्रेनिंग दी जाती है। इसके लिए फ्रेशर नियुक्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता को पहले ट्रेनिंग करवाई जाए। बैठक में टीबी केस की एक्टिव फाइंडिंग सर्वे में हेल्थ एजूकेटर को सुपरवाइजर लगाने का विरोध हुआ। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि विभाग के पुरुष और महिला पर्यवेक्षकों को ही पर्यवेक्षक पद पर लगाया जाए। सभी कर्मचारियों को विभाग की ओर से पहचान पत्र दिए जाएं। इस अवसर पर बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पर्यवेक्षक संघ के जिला अध्यक्ष केके सहगल, महासचिव विजय कुमार शर्मा ने अपने-अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निखिल शर्मा, हरोली खंड के बीएमओ डॉ. संजय मनकोटिया, खंड अंब के बीएमओ डॉ. वर्मा, खंड गगरेट के बीएमओ डॉ. बलराम कुमार धीमान, खंड बंगाणा के बीएमओ निरंजन आंगरा सहित अन्य उपस्थित रहे।