भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में मंदिर न्यास की ओर से सुविधाओं पर चाहे करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हों लेकिन इसके बावजूद रोजाना यहां पहुंचने वाले मां के भक्तों को असुविधाओं के चलते परेशानी झेलनी पड़ रही है। चिंतपूर्णी में गर्मी के मौसम में पानी की व्यवस्था न होने से श्रद्धालु बेहाल हो रहे हैं। जहां मंदिर रोड पर बने शौचालयों पर पानी न होने के कारण ताले लटका दिए गए हैं तो वहीं कुछ पानी की टंकियां बिना पानी के खाली पड़ी हैं। पीने के पानी की बेहतर व्यवस्था न होने के कारण गर्मी के मौसम में श्रद्धालु पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। गौरतलब है कि पंजाब और अन्य राज्यों में छुट्टियों के चलते मां के दरबार में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। लेकिन मंदिर रोड पर शौचालयों की सुविधा न होने से श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है। इसके अलावा लुधियाना सराय के पास बनाए गए शौचालय में पानी न होने के कारण शौचालय ताले लगाकर बंद कर दिए गए हैं। मंदिर रोड पर लगाए गए कई वाटर कूलर भी खाली पड़े हैं। बंद पड़े वाटर कूलर की सुध लेने वाला कोई नहीं है। पानी की सही आपूर्ति न होने के कारण श्रद्धालुओं को महंगे दामों पर पानी की बोतलें खरीदनी पड़ रही हैं। उधर, एसडीएम अंब सुनील वर्मा का कहना है कि बंद किए गए शौचालयों के बारे में पता किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी से पानी भरा जाएगा। उधर, आईपीएच विभाग के एसडीओ अश्वनी धीमान का कहना है कि मामला उनके ध्यान में आया है। उन्होंने कहा कि जल्द लोगों को पानी की समस्या से निजात दिलाई जाएगी।