निजी गाड़ी से घर पहुंचे जच्चा-बच्चा
102-108 की हड़ताल से लोग परेशान, 800 रुपये अदा कर बुक करनी पड़ी गाड़ी
अस्पताल प्रशासन के दावे भी हुए खोखले साबित
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। प्रदेश भर में चल रही 108 और 102 सेवा कर्मियों की हड़ताल का असर जिले में देखने को मिल रहा है। जिला अस्पताल में 102 और 108 एंबुलेंस वाहन पार्किंग स्थल पर ही खड़े हैं। वीरवार को जिला अस्पताल से प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को 102 एंबुलेंस से जब घर छोड़ने के लिए कॉल की गई तो उन्होंने सेवा उपलब्ध न होने की बात कही। जोल उपमंडल के तलमेहड़ा की महिला को घर वापिस लौटने के लिए 102 सुविधा नहीं मिली। उनको निजी टैक्सी में 800 रुपये अदा कर पहुंचना पड़ा। तलमेहड़ा जिला अस्पताल से 40 किलोमीटर दूर पड़ता है। बारिश के बीच परिवार को अपने घर पहुंचने के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ी। 108 कर्मचारियों की हड़ताल के आगे लोगों को आपात स्थिति में भी सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि अस्पताल प्रशासन ने एक सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को एंबुलेंस से चंडीगढ़ पहुंचाया लेकिन अन्य मामलों में लोगों को अपना बंदोबस्त खुद करना पड़ा।
वहीं 108 ऊना के प्रभारी पंकज शर्मा ने कहा कि सभी कर्मचारी हड़ताल पर हैं। ऊना में जितनी भी गाड़ियां हैं, वे सभी सीएमओ को हैंडओवर कर दी गई हैं।