अंब (ऊना)। गोंदपुर बनेहड़ा में अपने रिश्तेदारों से मिलने आए 68 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सेना से सेवानिवृत्त गुरबचन सिंह पुत्र कर्मचंद निवासी नंगल जरियाला मंगलवार को अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए गोंदपुर बनेहड़ा आए हुए थे। यहां पहुंचने के बाद दोपहर के करीब साढ़े 12 बजे पानी पीते समय अचानक चक्कर आने के बाद गश खाकर जमीन पर गिर गए और कुछ ही पलों में उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर अंब पुलिस ने लाश को कब्जे में ले लिया है। अंब के डीएसपी धर्मचंद वर्मा ने बताया कि प्राथमिक दृष्टि में मामला हृदयघात का लग रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना भेज दिया गया है। पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुुरू कर दी है।