ऊना पहुंचने पर मीता शर्मा व स्टाफ ने किया स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना की बेटी हितैषी नाहर ने नेशनल बॉक्सिंग शिविर में 15 दिन भाग लिया। शिविर का आयोजन पटियाला में हुआ। हितैषी नाहर ने मात्र 13 वर्ष की आयु में यह उपलब्धि हासिल की है।हिमाचल प्रदेश में बॉक्सिंग में एकमात्र बेटी है जिसने मात्र 13 वर्ष में भारतीय कैंप को उपस्थिति दर्ज कराई है। हितैषी नाहर ने रोहतक में एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर पदक हासिल किया। हितैषी बॉक्सिंग में आगे बढ़ने और प्रेरणा के लिए अपने पिता संदीप कुमार को श्रेय देती हैं। हितैषी का कहना है कि उसके पिता संदीप कुमार बॉक्सिंग में उसे आगे बढ़ा रहे हैं और उन्हीं की मेहनत के चलते आज वह इस खेल में आगे बढ़ रही हैं। भारतीय बॉक्सिंग शिविर को अटेंड करने के बाद ऊना पहुंचने पर हितैषी नाहर का जोरदार स्वागत खिलाड़ियों और ऊना काॅलेज की ओर से किया गया। अभिभावकों के साथ ऊना कॉलेज की प्रधानाचार्य मीता शर्मा और स्टाफ की ओर से स्वागत किया गया। मीता शर्मा ने हितैषी की इस उपलब्धि को सराहा और आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हितैषी ऊना कॉलेज के ग्राउंड में बॉक्सिंग का अभ्यास करती हैं। खिलाड़ी को हर सुविधा यहां प्रदान की जाएगी। वहीं, कन्या विद्यालय ऊना के डीपीई ने भी हितैषी नाहर को सराहा।