ऊना। जिला भर के गुरुद्वारों में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए एवं रागी जत्थों ने गुरबाणी से संगत को निहाल किया। ऊना में मुख्य समागम का आयोजन किला बाबा साहिब सिंह बेदी में किया गया। इस अवसर पर सुबह श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए एवं कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। जिसमें भाई हरप्रीत सिंह, भाई इकबाल सिंह, भाई भूपिंद्र सिंह, भाई अनिल सिंह के रागी जत्थों ने गुरबाणी सतगुर नानक प्रगट्या मिटी धुंद जग चानन होया, कल तारण गुरु नानक आया जैसे शबदों से संगतों को निहाल किया। इसके अलावा गुरुद्वारा शहीदां सिंह, गिड़गिड़ा साहिब, दुखभंजन साहिब समेत जिला के अन्य गुरुद्वारा में गुरुपर्व की धूम रही। गुरु घरों को इस मौके पर रंगी बिरंगी लाइटों से सजाया गया। इस अवसर पर बाबा अमरजोत सिंह बेदी, बाबा हरपाल सिंह, बाबा जीत सिंह, बाबा सुरेंद्र सिंह, गुरु नानक मिशन संस्था के महासचिव हरपाल सिंह कोटला, भाई जोगमान सिंह, भाई बलविंद्र सिंह गलुआ, भाई परमजीत सिंह, भाई सतनाम सिंह, भाई धर्म सिंह, सुखविंद्र सिंह, अंग्रेज सिंह, हाकम सिंह एवं अन्य मौजूद थे। इस अवसर पर गुरु के लंगर का आयोजन भी किया गया।