ऊना। धमांदरी स्थित एक निजी उद्योग के कामगारों ने पिछले दो माह से वेतन न मिलने पर कड़ा रोष जताया। वीरवार को करीब दो दर्जन कामगार श्रम विभाग कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने उद्योग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लेबर इंस्पेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कामगारों ने बताया कि उद्योग में पिछले करीब 5 वर्षों से काम कर वे अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। लेकिन, पिछले दो माह से उद्योग समय पर वेतन नहीं दे रहा है। इसके चलते घर का खर्च और गुजारा करने में काफी दिक्कत पेश आ रही है। उन्होंने बताया कि वेतन न मिलने पर कंपनी के डायरेक्टर से भी बात की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब कंपनी की ओर से नहीं मिल रहा है। कामगारों ने जल्द से कंपनी से वेतन दिलवाने की मांग की है। कामगारों महेश कुमार, सुधाकर शर्मा, बलराज कुमार, परस राम, ज्ञान सिंह, सुरेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, कुलवीर सिंह, कृष्णकांत शर्मा, गुरदीप सिंह, त्रिलोचन सिंह, राजेश कुमार, संदीप कुमार, अंकुश शर्मा, देवराज, विजय कुमार, सुरेंद्र सिंह, राजेश सहित अन्य शामिल रहे। उधर, लेबर इंस्पेक्टर नवीन ने बताया कि वेतन न मिलने को लेकर कामगारों ने उनसे मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि कंपनी के डायरेक्टर से भी बात की गई है। जल्द ही कंपनी प्रतिनिधि से मिलकर वेतन की समस्या को लेकर बात की जाएगी और कामगारों को वेतन दिलवाया जाएगा।