मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है मुनीश
राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला तलमेहड़ा का है विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। 12 साल के मुनीश कुमार ने स्कूल की छुट्टी के समय लोगों की ओर से फेंके गए कचरे से सामान इकट्ठा कर एक अद्भुत प्रयोग किया है। उसने गत्ते, प्लास्टिक और बिजली के तारों को जोड़कर सैल की मदद से एक टेबल फैन तैयार कर दिया। तार जोड़ते ही पंखा तेज हवा देने लगता है। मुनीश का कहना है कि यह विचार उसे खुद-ब-खुद आया और उसने बिना किसी से सीखे इसे बना लिया। अब वह ऐसे ही सामान इकट्ठा कर एक चलने वाली देसी कार तैयार करने की योजना बना रहा है। मुनीश उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की खरयालता पंचायत में अपने पिता बीटू कुमार के साथ रह रहा है। मूल रूप से वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। बीटू दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। चौथी कक्षा में पढ़ने वाला मुनीश राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला तलमेहड़ा का विद्यार्थी है। उसकी प्रतिभा देखकर लोग हैरान रह जाते हैं। स्कूल के वॉलीबाल कोच राहुल सुमन के अनुसार मुनीश वॉलीबाल का एक ऑल राउंडर खिलाड़ी है और पढ़ाई में भी अच्छा है। हालांकि, माता-पिता के अलग-अलग स्थानों पर रहने के कारण उसकी प्रतिभा को निखारने में कुछ कठिनाई आ रही है।