माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालु लाईनों में दर्शनों के लिए इंतजार करते। संवाद
चिंतपूर्णी (ऊना)। माता चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को लगभग 12 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। पहले की तुलना में इस बार लाइनें अपेक्षाकृत छोटी रहीं। रविवार को दर्शनों के लिए लगी डबल लाइनें पुराने बस स्टैंड तक ही सीमित रहीं। माना जा रहा है कि रक्षा बंधन के पर्व के कारण भी भीड़ में कमी रही। दर्शनों के लिए पहुंचे रविंद्र, रेखा, मनदीप, मनु, रोहित, मुनीश, मदन और मोनू ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ कम रही, जिसके चलते लोग डेढ़ से दो घंटे में ही दर्शन कर पा रहे थे। श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ जयकारे लगाते व भेंटें गाते हुए मंदिर पहुंच रहे थे। मंदिर अधिकारी अजय मंडियाल ने बताया कि रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या में अपेक्षाकृत कमी दर्ज की गई।