ऊना। वैक्सीनेशन को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। जिले में अभी भी बूस्टर डोज लगाने के लिए कम लोग आगे आ रहे हैं। इसके लिए लोगों को जागरूक करने का काम भी किया जा रहा है। जिले में अभी तक करीब 12,69,882 लोगों ने टीकाकरण करवाया है। स्वास्थ्य विभाग शेष बचे हुए लोगों को भी टीकाकरण के लिए जागरूक कर रहा है।
वर्तमान में जिले में कोरोना का कोई एक्टिव केस नहीं हैं। पालकवाह कोविड अस्पताल को भी बंद कर दिया गया है। बावजूद इसके जिले में टीकाकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टीकाकरण शुरू होने से लेकर अब तक जिले में कुल 12,69,882 डोज लग चुकी हैं। लोगों ने वैक्सीन लगवाकर खुद को सुरक्षित कर लिया है। इनमें कोविशील्ड वैैक्सीन की 5,04,581 लोगों को पहली डोज, 4,94,917 लोगों को दूसरी डोज और 1,79, 490 लोगों को बूस्टर डोज लगी है।
जिले में 15 प्लस आयु वर्ग के 26, 317 बच्चों को कोवैक्सीन की पहली, 24821 को कोवैक्सीन की दूसरी डोज लग चुकी है। कोवैक्सीन की 881 बच्चों ने प्रिकॉशनरी डोल भी लगा ली है। इसके अलावा कोर्बीवैैक्स वैक्सीन की पहली डोज 20900 लोगों ने लगवाई है। जबकि 17975 लोगों को कोर्बीवैक्स की दूसरी डोज लग चुकी है। विभाग लगातार जिले में भी स्वास्थ्य शिविर चला रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण किया जा सके।
दूसरी तरफ बच्चों के लिए विभाग विद्यालयों में भी समय समय पर टीकाकरण शिविर लगा रहा है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू ने बताया टीकाकरण को लेकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। जिले में प्रत्येक कार्य दिवस के दौरान टीकाकरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।