मैहतपुर में नए साल से शुरू होगी
घर-घर से कूड़ा उठाने की योजना
मैहतपुर नप कमेटी कर्मियों ने शुरू किया योजना का प्रचार-प्रसार
5 दिन गीला कूड़ा और छठे दिन सूखा कूड़ा उठाया जाएगा
योजना के निर्धारित नियम तोड़ने पर होगा जुर्माने का प्रावधान
अमर उजाला ब्यूरो
मैहतपुर (ऊना)। नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा भारत सरकार की ओर से चलाए गए स्वच्छ अभियान को ज्यादा प्रभावशाली बनाने के लिए घर-घर से अलग-अलग गीला और सूखा कूड़ा उठाने की योजना नववर्ष के पहले दिन से शुरू कर देगी। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने बताया कि नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाने और आम नगरवासियों की सुविधा के लिए उपरोक्त योजना को शुरू किया जा रहा है। योजना को प्रभावशाली तरीके से शुरू करने को लेकर नगर परिषद प्रतिनिधियों सहित नगर की सेल्फ-हेल्प ग्रुप की महिलाओं की ओर से जनता को जागरूक और प्रेरित करने के लिए स्वच्छ अभियान चलाया हुआ है। इसके तहत घर-घर जाकर नगरवासियों को प्रचार सामग्री भी बांटी जा रही है। इससे लोग भारत सरकार की ओर से चलाए गए स्वच्छ अभियान की मुहिम से जुड़ सकें। उन्होंने सभी नगरवासियों से राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेशों के तहत संपूर्ण सहयोग का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि अगर कोई राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेशों की अवहेलना करेगा तो प्रशासन उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उधर, नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने कहा कि नगर में एक जनवरी 2019 को नगर परिषद मैहतपुर-बसदेहड़ा घर-घर से, दुकान, होटल, रेस्तरां, सराय और कार्यालयों का कूड़ा उठाने के लिए मुहिम शुरू की जा रही है। इसकी एवज में सरकार की ओर से तय रेट पर कूड़ा उठाने के लिए हर महीने नगरवासियों से पैसे वसूले जाएंगे। उन्होंने बताया कि 5 दिन गीला कूड़ा और छठे दिन सूखा कूड़ा उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शहर को स्वच्छ रखने के लिए बताया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से भारत सरकार की ओर से चलाए गए स्वच्छ अभियान को सफल बनाने और शहर साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद की स्वच्छता गतिविधियों में सहयोग करने की अपील की है। जिससे पर्यावरण साफ-सुथरा रहे और लोग बीमारियों से बचे रहें।