अमर उजाला ब्यूरो
लठियाणी (ऊना)। आप अगर बंगाणा उपमंडल के तहत बंगाणा-धनेटा रोड या फिर थानाकलां-मंदली-भाखड़ा डैम रोड पर सफर करने की सोच रहे हैं, तो जरा संभल जाएं। यहां पर आपको समस्या झेलनी पड़ सकती है, या फिर आपको लंबा सफर करना पड़ सकता है। लोक निर्माण विभाग की ओर से उक्त दोनों संपर्क सड़कों का विस्तारीकरण कार्य शुरू किया गया है। इसके चलते इन संपर्क सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बंगाणा-धनेटा सड़क के बंद रहने से वाहनों की आवाजाही अन्य सड़क से होगी। यह सड़क 15, 16 तथा 17 मार्च तीन दिनों तक वाहनों के लिए बंद रहेगी। लेकिन इस दौरान वाहनों की आवाजाही बंगाणा से धनेटा वाया जसाना, चरारा, भियांबी, किटपल, धनेटा से होगी। वहीं, बंगाणा से पिपलू वाया जसाना, चरारा, भियांबी, पिपूल से होगी। इसके अलावा बंगाणा उपमंडल के तहत थानाकलां-मंदली-भाखड़ा डैम रोड के विस्तारीकरण के चलते भी तीन दिनों तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 14,15 तथा 16 मार्च को उक्त संपर्क सड़क से वाहन नहीं जाएंगे। वहीं, विकल्प के तौर पर जोगीपंगा-भुस्साल वाया छपरोह रोड़, मझेड़ मधान वाया भुस्साल, बल्ह खोली से होकर गुजरेंगे। दोनों सड़कों के विस्तारीकरण कार्य के चलते लोगों को लंबा सफर करना पड़ेगा। उधर, लोक निर्माण विभाग बंगाणा के अधिशासी अभियंता आरएस कालिया का कहना है कि इन सड़कों का विस्तारीकरण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जल्द उक्त सड़कों का कार्य पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा।