बाथू के गुरचरण की मौत मामले की हो उच्च स्तरीय जांच
हरोली विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
27 मई को कीरतपुर नहर में मिला था गुरचरण का शव
अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल(ऊना)। हरोली विस क्षेत्र के तहत आने वाले बाथू गांव के पूर्व सैनिक गुरचरण सिंह की मौत मामले में नेता विपक्ष और हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। अग्निहोत्री ने कहा कि बाथू निवासी गुरचरण सिंह की मृत्यु साधारण घटना नहीं है। ऐसे में गुरचरण सिंह की हत्या की आशंका लग रही है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 22 मई को गुरचरण सिंह ने परिवार को सूचित किया था कि वे जालंधर से गढ़शंकर आया है। बद्दी में इंटरव्यू के लिए जा रहा है जिसके लिए गुरचरण ने टैक्सी ली थी और चालक के साथ मारपीट होने की घटना सामने आई है। गुरचरण सिंह का शव 27 मई को कीरतपुर नहर से मिला। इस दौरान शरीर पर चोट के निशान भी थे। गुरचरण सिंह के परिवार के सदस्यों और बेटे विवेक सिंह ने मामले में पंजाब पुलिस से उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। गुरचरण मृत्यु मामले में अभी तक पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है जिसके चलते परिजनों में रोष है। नेता विपक्ष ने कहा कि सीएम पंजाब कैप्टन अमरेंद्र सिंह इस मामले की गंभीरता को समझते हुए उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करवाए। टैक्सी चालक व ढाबा संचालक से कड़ी पूछताछ की जाए ताकि सच्चाई समाने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।