थानाकलां (ऊना)। पुलिस थाना बंगाणा के तहत बौल स्थित चेक डैम में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान जनक राज पुत्र दुर्गा दास निवासी बौल के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बौल गांव का जनक राज पिछले कई दिनों से लापता था। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जनकराज का कोई पता नहीं चल गया। शुक्रवार को गांव का ही एक व्यक्ति घास काटने के लिए डैम की ओर गया तो देखा कि एक व्यक्ति का शव पानी के ऊपर तैर रहा था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को डैम से बाहर निकाला। वहीं, डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि जनक राज पिछले कई दिनों से लापता चल रहा था। परिजनों ने हर संभावित स्थानों पर उसे ढूंढा लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला। कयास लगाए जा रहे हैं कि जनकराज चेक डैम में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों के बयान कमलबद्व किए जा रहे हैं।