ऊना/बंगाणा। जिले भर में हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बारिश से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में बिजली भी बाधित रही। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बंगाणा क्षेत्र में भारी बारिश होने से संपर्क मार्गों पर यातायात भी बंद रहा। बंगाणा से तुतड़ू तक सड़क का कार्य चलने से रोड दलदल में तबदील हो गया। वहीं, वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अरलू से हटली होकर आना जाना पड़ा। हटली से पिपलू सड़क को चौड़ा करने का कार्य चला हुआ है। सड़क पर पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। तलमेहड़ा से जोल सड़क पर कार्य चलने से भी यातायात व्यवस्था ठप रहा। उधर, लोनिवि बंगाणा के अधिशासी अभियंता आरएस कालिया ने बताया कि बरसात के मौसम में निर्माणीधीन सड़कों पर बारिश से दलदल हो गई है। ठेकेदार को बरसात में सड़क के कार्य को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। दलदल वाले भाग की स्थिति को सुधारा जा रहा है।