अंब (ऊना)। अंब थाना पुलिस ने शुक्रवार को अंब में मुबारिकपुर सड़क मार्ग पर एक व्यक्ति से 10.03 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी सब्जी की दुकान करता है और पूर्व में भी उस पर मादक पदार्थ बरामद होने संबंधी मामले दर्ज किए जा चुके हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक सूचना के आधार पर अंब के थाना प्रभारी रूप सिंह की अगुवाई में हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की टीम ने शुक्रवार दोपहर को सब्जी की दुकान पर दबिश दी। जहां तलाशी के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गया और उसने एक पॉलिथीन को दुकान से बाहर फेंकने की कोशिश की। मौके पर फेंकी गई पॉलिथीन से 10.03 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने बताया कि पुलिस क्षेत्र में नशा तस्करी पर सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का नशा विरोधी अभियान आगे भी इसी तरह से जारी रहेगा। संवाद