मामले में तीन आरोपी चल रहे फरार, पुलिस कर रही तलाश
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के गोल मार्केट क्षेत्र में पांच शातिरों ने एक युवक को घेरकर न केवल उसके साथ मारपीट की, बल्कि डरा-धमकाकर उसके बैंक खाते से ऑनलाइन पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले का रहने वाला लवकुश पुत्र रामचंद्र बद्दी की गोल मार्केट में मौजूद था। इसी दौरान पांच लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने लवकुश से उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मारपीट शुरू कर दी। डरा-धमकाकर शातिरों ने उसके फोन का पासवर्ड (कोड) पूछा और उसके खाते से 6,000 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
पीड़ित लवकुश ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही बद्दी पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मखून माजरा निवासी जसबीर सिंह उर्फ जस्सी पुत्र हंस राज और एक अन्य नाबालिग को दबोच लिया।
उधर, डीएसपी योगराज चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
-
इलाके में दहशत का माहौल
बद्दी में पिछले तीन दिनों के भीतर लूट की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे स्थानीय निवासियों और प्रवासियों में डर का माहौल है। इससे पहले भी नरंगपुर में एक महिला को पिस्टल दिखाकर बाइक सवार दो बदमाशों ने नकदी और तांबे का सामान लूट लिया था, जिन्हें पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।