प्राइम रोज स्कूल के बच्चे खेलों में अपना दम दिखाते हुए स्रोत:संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। न्यू नालागढ़ स्थित प्राइम रोज स्कूल में चल रही वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन नन्हे बच्चों के कौशल और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। प्री-नर्सरी से लेकर पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने विभिन्न मनोरंजक और चुनौतीपूर्ण खेलों में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता का आगाज प्री-नर्सरी के बच्चों की म्यूजिकल चेयर गेम से हुआ, जिसमें वरेण्या ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, नर्सरी सेक्शन-बी की फ्लैग रेस में कुमारी भूमि सबसे तेज रहीं। एलकेजी के नन्हों ने होल्डिंग बॉल रेस में अपना संतुलन दिखाया, जिसमें आर्यन ने बाजी मारी। द्वितीय कक्षा के छात्रों के लिए आयोजित गेट रेडी टू स्कूल प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें आर्गय पुरोहित ने सबसे फुर्ती दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा तृतीय से पांचवीं कक्षा के छात्रों के बीच हुए डाइस गेम में रियांशी ने अपनी बुद्धिमत्ता और गति का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक जीता। स्कूल के अध्यक्ष गुरचरण सिंह और प्रबंध निदेशक ज्ञानदीप सिंह ने नन्हे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अनिवार्य हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन कुमारी साधिका द्वारा किया गया।