वार्डों में खाली पड़ी सभी जगहों पर यलो लाइन पार्किंग बनाई जाएगी
11 जगहों का किया चयन, 150 के करीब वाहनों को कर सकेंगे खड़े
वार्डों में रहने वाले लोगों को देंगे प्राथमिकता, अन्य वार्डों में भी मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में बढ़ती पार्किंग की समस्या से निजात के लिए येलो लाइन पार्किंग बनाई जाएगी। इसके लिए निगम की ओर से 30.90 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। ठेकेदार मिलते ही 365 दिनों की अवधि के लिए पार्किंग ठेके पर दी जाएगी। पार्किंग के लिए शहर के चार वार्डों में 11 जगहों का चयन किया गया। इन पार्किंग में मुख्य रूप से वार्ड के निवासियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पार्किंग में एक समय में 115 के करीब वाहन खड़े करने की क्षमता होगी।
येलो लाइन पार्किंग के लिए खुंडिधार में सूर्या अपार्टमेंट के सामने 5 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग और शिवा फर्नीचर के सामने आठ वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा डिग्री कॉलेज के न्यू ब्लॉक के सामने छह वाहनों की क्षमता वाली, जूडियो के सामने 14 वाहनों की क्षमता वाली, नवजीवन अस्पताल और शेफ प्लैनेट के सामने 10 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं शहर में गुरुद्वारा के पास 22 वाहनों की क्षमता वाली, नए बस अड्डे मोका के पास आठ वाहनों की क्षमता वाली, होटल शिवाना हिल्स के पास आठ वाहनों, होटल जन्नत के पास छह वाहनों और सुगंधा अपार्टमेंट और मोहन पार्क के समीप 28 वाहन खड़े करने के लिए जगह निर्धारित की गई है।
शहर में रोजाना बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, उपचार और अन्य कामों के लिए पहुंचते हैं। पार्किंग नहीं होने के कारण कई बार वाहन सड़क किनारे खड़े करने पड़ते हैं। इससे यातायात प्रभावित होता है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। निर्धारित स्थानों पर येलो लाइन पार्किंग शुरू होने से लोगों को वाहन खड़े करने के लिए जगह मिल सकेगी। साथ ही सड़क पर वाहनों की पार्किंग कम होने से यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।
इनसेट
पंजीकृत वाहन 78 हजार, पार्किंग क्षमता महज 2000
शहर में पंजीकृत वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। वर्ष 2026 में केवल शहर में पंजीकृत वाहनों का आंकड़ा करीब 78,000 के पार पहुंच चुका है, वहीं पार्किंग क्षमता महज 2000 वाहनों की है। येलो लाइन पार्किंग बनने से गाड़ियों को पार्क करने के लिए जगह मिलेगी।
कोट
शहर में लगातार पार्किंग की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में येलो लाइन पार्किंग वाहन खड़े करने का अच्छा विकल्प है। इससे बाजार, अस्पताल, कॉलेज और रिहायशी क्षेत्रों में आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए स्थान मिलेगा। साथ ही सड़कों के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने की समस्या और हादसों को कम करने में भी मदद मिलेगी।
- सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन