नगर निगम ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया, परियोजना पर खर्च होंगे 30.90 लाख रुपये
सिर्फ एक वर्ष के लिए निजी ठेकेदारों को ठेके पर दी जाएगी पार्किंग व्यवस्था
वार्ड 2 से 7 और 15 के विभिन्न इलाकों में मिलेगी अवैध पार्किंग से निजात
शहर में लगने वाले जाम से मिलेगा छुटकारा, निगम की आय में भी होगा इजाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में पार्किंग की समस्या से निपटने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने 11 जगहों पर येलो लाइन पार्किंग बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परियोजना के तहत 30.90 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
शहर के सात वार्डों में चयनित इन पार्किंग स्थलों को एक वर्ष के लिए निजी ठेकेदारों को आवंटित किया जाएगा। हालांकि, इनके संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी नगर निगम की रहेगी। निगम ने सभी पार्किंग स्थलों पर शुल्क सूची लगाना अनिवार्य किया है। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली या नियमों के उल्लंघन पर ठेकेदार का टेंडर रद्द करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट:
सात वार्डों में 11 जगह होंगी पार्किंग
नगर निगम की योजना के तहत चयनित स्थलों पर कुल 97 वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
वार्ड 2: गुरुद्वारे के सामने 22 और बाइपास पर केएफसी के पास 8 वाहन।
वार्ड 3: शिवाना हिल्स के पास 8 वाहन।
वार्ड 4: होटल जन्नत के पास 6 वाहन।
वार्ड 5: सुगंधा अपार्टमेंट और मोहन पार्क के पास 28 वाहन।
वार्ड 7: जी स्क्वायर मॉल और शेफ प्लैनेट के सामने 5-5 वाहन।
वार्ड 15: खुंडीधार में सूर्या अपार्टमेंट के सामने 5, शिवा फर्नीचर के सामने 8 और डिग्री कॉलेज के नए ब्लॉक के सामने 6 वाहन।
कोट
शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए येलो लाइन पार्किंग के लिए जगहें चिह्नित की गई हैं। इससे सड़क किनारे अवैध पार्किंग कम होगी और हादसों का खतरा घटेगा। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली या नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सुषमा शर्मा, महापौर, नगर निगम सोलन