हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के पहलवान लड़ाएंगे दांव-पेच
संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर (सोलन)। हिंदू व सिखों के प्राचीन गुरुद्वारा सुखदेव गुरु महाराज गुरु कुंड परिसर में 30 मई को एक दिवसीय विशाल कुश्ती मेले का आयोजन किया जा रहा है। गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष जोगिंद्र सिंह बेदी ने बताया कि इस विशाल कुश्ती मेले में करीब 2 लाख रुपये की राशि की कुश्तियां करवाई जाएंगी। विजेता व उपविजेता पहलवानों को गुरुद्वारा कमेटी के निर्णय अनुसार हजारों रुपये की नकद इनाम राशि, पगड़ी पहनाकर एवं सम्मानित किया जाएगा।
गुरुद्वारा कमेटी की ओर से यह आठवां विशाल कुश्ती मेला होगा। मेले की तैयारियां पूरी की जा रही है और आयोजन को सफल बनाने के लिए कमेटी के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं। जोगिंद्र सिंह बेदी ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कुश्ती प्रांगण में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करें व मेले का भरपूर आनंद लें। उन्होंने बताया कि इस कुश्ती मेले में हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, मेघालय सहित लुधियाना, जालंधर, फगवाड़ा, नवांशहर और अन्य राज्यों के नामी पहलवान दांव-पेच लड़ाएंगे।