धर्मपुर की कोटबेजा पंचायत में आयोजित मेले में कुश्ती प्रतियोगिता के दौरान भिडत़े पहलवान। सं
कोटबेजा में माता स्वर्गपरी मेले में दंगल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। कोटबेजा पंचायत में ऐतिहासिक माता स्वर्गपरी मेले का आयोजन किया गया। मेले के दौरान सुबह से ही माता स्वर्गपरी के मंदिर में आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज से आए लोगों ने माता के चरणों में पुष्प अर्पित कर मन्नतें मांगीं। शाम करीब 5:00 बजे मेला कमेटी की ओर से विशेष दंगल (कुश्ती) का आयोजन किया गया। इस दंगल में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ सहित कई अन्य राज्यों के नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेंच दिखाए। दर्शकों को पहलवानों के बीच कई कड़े और संघर्षपूर्ण मुकाबले देखने को मिले। दंगल के दौरान मुख्य रूप से दो माली प्रतियोगिताएं करवाई गईं। छोटी माली लोकल पहलवानों के बीच हुए इस मुकाबले में जसवीर सिंह (नौणी) और आर्यन (नाहन) के बीच कड़ी टक्कर हुई। अंत में जसवीर ने आर्यन को मात देकर छोटी माली का खिताब अपने नाम किया। बड़ी माली में पहलवान सुनील (जीरकपुर) और राकेश (टाकरा) के बीच रोमांचक भिड़ंत हुई। सुनील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राकेश को पटखनी दी और बड़ी माली के विजेता बने। विजेता सुनील को 5,100 और उप-विजेता राकेश को 4,100 का नकद पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर कोटबेजा पंचायत के प्रधान अजय कंवर, बीडीसी देवराज, नरेश ठाकुर (नरेश शर्मा), हीरा लाल, लेख राम वर्मा और गणेश दत्त मौजूद रहे।