नेचड़ मैदान (स्यार) में आयोजित विशाल कुश्ती दंगल के दौरान अखाड़े में मुकाबला करते पहलवान तथा का
- फोटो : 1
फाइनल मुकाबले में जीरकपुर के सुनील का दी मात,हिमाचल केसरी का खिताब बराबरी पर छूटा
विशाल मंडी के सिर सजा दाड़लाघाट केसरी का ताज
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट की नेचड़ पंचायत के स्यार गांव में विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। बजरंगबली अखाड़ा कुश्ती कमेटी और ट्रांसपोर्टरों के सहयोग से हुए इस दंगल में विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। रोहतक के पहलवान मनीष ने बड़ी माली का खिताब जीतकर 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार अपने नाम किया। छह घंटे तक चले इस दंगल में पहलवानों ने अखाड़े में बेहतरीन दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दंगल का शुभारंभ पूर्व विधायक अर्की गोविंद राम शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि किया। समापन समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के पहलवानों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। बड़ी माली के फाइनल मुकाबले में रोहतक के मनीष पहलवान ने जीरकपुर के सुनील पहलवान को हराया। हिमाचल केसरी का मुकाबला कोलका के कुलवंत और सुंदरनगर के भूषण के बीच बराबरी पर छूटा। छोटी माली का खिताब गोलू ने जीता। दाड़लाघाट केसरी का ताज विशाल मंडी के सिर सजा। बड़ी माली के विजेता को 31 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी गई। उपविजेता को 17 हजार रुपये प्रदान किए गए। इसके अलावा, बाघल केसरी और छोटी माली सहित अन्य वर्गों के विजेता और उपविजेताओं को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी पहलवानों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस दंगल का आयोजन अंबुजा दाड़ला कश्लोग मांगू परिवहन सहकारी सभा (एडीकेएम) के पूर्व प्रधान बालक राम शर्मा और अन्य सदस्यों ने किया। आयोजकों में राम कृष्ण बंसल, अरुण शुक्ला, जय चंद चंदेल, लेखराज चंदेल, तिलक गौतम, कमलकांत चंदेल और वेद प्रकाश शुक्ला शामिल थे। आयोजन समिति ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का मंच देते हैं। यह उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करता है।