गागुड़ी पंचायत में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में माली के पहलवानों से परिचय करते हुए मुख्य अतिथि हं
छोटी माली का खिताब मनु ने जीता, 200 पहलवानों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। गांगुड़ी पंचायत के सयाड़ मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में बड़ी माली का खिताब चेतन ने सुनील को पराजित कर अपने नाम किया। वहीं छोटी माली में मनु ने शुभम को शिकस्त देकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। दंगल प्रतियोगिता के समापन समारोह में समाजसेवी हंस राज चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता पहलवानों को मेला कमेटी की ओर से नकद पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता में करीब 200 पहलवानों ने भाग लेकर अपने दांव-पेच का प्रदर्शन किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।मुख्य अतिथि हंस राज चंदेल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने मेला कमेटी को अपनी ऐच्छिक निधि से 5,100 रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। बड़ी माली के विजेता चेतन को 11 हजार रुपये और उपविजेता सुनील को 5 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। छोटी माली में मनु और शुभम को संयुक्त रूप से 11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर मेला कमेटी के प्रधान दीपक ठाकुर, उपप्रधान किरपा राम, सचिव प्रकाश ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर, रिंकू ठाकुर और खेमचंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।