निगम पर आरोप, प्रदूषित पानी कर रहा वार्डों में सप्लाई
लोगों की सेहत से हो रहा खिलवाड़, बीमारियों का बढ़ा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में बारिश के बाद जहां लोगों के घरों तक गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, वहीं अब उसमें जीवित कीड़े भी दिखाई देने लगे हैं। नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 7 में एमसी कार्यालय के समीप रहने वाले स्थानीय निवासी दीपक कुमार के घर की टंकियों में जीवित कीड़े पाए गए हैं। दीपक ने निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि एमसी की पाइपलाइन से ही उनके घर में पानी पहुंचता है। निगम ने अब लोगों के घरों में कीड़े से भरे पानी की सप्लाई करनी शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि गत दिनों उनके घर में पीने के पानी की सप्लाई हुई है। इस दौरान जब उन्होंने अपनी टंकियों की जांच की तो उसमें सफेद रंग के जीवित कीड़े पाए गए।
दीपक कुमार ने बताया कि वे नगर निगम के नियमित जल उपभोक्ता हैं और समय पर पानी का बिल भरते हैं। इसके बावजूद उनके घर की पेयजल टंकी में जहरीले कीड़े युक्त दूषित पानी आ रहा है, जिससे उनके पूरे परिवार के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि जीवित कीड़ों को पारदर्शी बोतल में रख पानी का सैंपल साक्ष्य के रूप में सील करके रख लिया है और संबंधित अधिकारियों को इस बारे में बता दिया है। साथ ही इसकी शिकायत मुख्यमंत्री सेवा संकल्प में दर्ज करवाई गई है।