संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला स्थित एक निजी कंपनी में श्रम कानूनों की अनदेखी करने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों को ईएसआई और पीएफ जैसी मूलभूत सुविधाएं न दिए जाने के विरोध में मजदूरों ने शनिवार को इंटक के बैनर तले कंपनी के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इंटक के प्रदेश सचिव राजन गोयल ने मजदूरों के इस गंभीर शोषण की शिकायत प्रदेश सरकार को भी भेजी है। गोयल ने आरोप लगाया कि उक्त फैक्ट्री में न केवल कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन से भी कम भुगतान किया जा रहा है, बल्कि उन्हें उनके कानूनी अधिकार ईएसआई और पीएफ से भी वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि श्रम कानूनों के अनुसार, मजदूरों को ओवर टाइम का दोगुना भुगतान भी नहीं किया जाता है और न ही किसी कर्मचारी को बोनस दिया जाता है, जो श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है।