बिना पंजीकरण के पकड़े गए तो पुलिस करेगी कार्रवाई
थाना प्रभारी हर प्रवासी कामगार का कराएगा वेरिफिकेशन
एसडीएम बद्दी ने जारी किए आदेश, अपराध रोकने में मिलेगी मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के उपमंडलाधिकारी विवेक महाजन ने बद्दी, बरोटीवाला व मानपुरा क्षेत्र में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों को पंजीकरण करना अनिवार्य कर दिया है। इसके लिए प्रवासी लोग संबंधित थाने में जाकर अपनी वेरिफिकेशन कराएंगे। उसके बाद ही वह बद्दी में रह सकेंगे। एसडीएम ने इस बारे में बद्दी, मानपुरा व बरोटीवाला के थाना प्रभारियों को आदेश कर अपने अपने क्षेत्र में आने वाली प्रवासी लोगों का वेरिफिकेशन कराने को कहा है। एसडीएम ने इस बारे में एसपी बद्दी को से भी इस कार्य में सहयोग करने की अपील की है।
एसडीएम विवेक महाजन ने बद्दी, बरोटीवाला व मानपुरा क्षेत्र में बाहरी राज्यों से कामगार, रेहड़ी फड़ी चलाने वाले, व्यवसायिक कार्य करने वाले, किराए पर रहने वाले, सेल्फ इंप्लायमेंट व उद्योगों में काम करने वाले बाहरी राज्य के लोगों के लिए पंजीकरण करना जरूरी कर दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस उनका वेरिफिकेशन उनके आधार कार्ड व पहचान पत्र से करेगी। ऐसे करने से पुलिस व प्रशासन के पास असंगठित लोगों की एक सूची तैयार हो जाएगी और जरूरत पड़ने पर पुलिस व स्थानीय प्रशासन इस्तेमाल कर सकता है।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण करना जरूरी इसलिए है कि कई बार देखा गया है कि बद्दी क्षेत्र में बाहरी राज्य के लोग अपराध करके भाग जाते हैं। पंजीकरण न होने से ऐसे लोगों को न तो प्रशासन पकड़ सकता है और न ही पुलिस। उन्होंने बद्दी के एसपी विनोद धीमान से भी इस मामले में पुलिस थाना प्रभारी को आदेश जारी करने को कहा।