पुलिस ने मारपीट करने वाले सगे भाईयों के खिलाफ हत्या का मामला किया दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। मानपुरा थाने के तहत कोंडी स्थित एक धागा कंपनी में मारपीट के बाद घायल हुए एक कामगार ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड दिया था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं मृतक का पीजीआई में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
24 अगस्त को कौंडी स्थित धागा कंपनी में यूपी के सीतापुर जिले के रवि कुमार पुत्र शिव नाथ की इसी गांव के दो सगे भाई सुनील कुमार व जय सिंह के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई। उसके बाद बहस मारपीट में बदल गई। दोनों सगे भाई सुनील व जय सिंह ने रवि कुमार को डंडो व लातों के साथ मारपीट की। जिसके बाद वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले गए लेकिन हालत नाजुक होने पर पीजीआई ले जाया गया जहां पर उसकी मौत हो गई। पीजीआई में पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल सगे भाई सुनील व जय सिंह को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।