फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Solan News: बीबीएन में गाड़ियों की डिक्की में ढोए जा रहे श्रमिक

विज्ञापन
बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में निजी कार में क्षमता से अधिक श्रमिकों को बैठाकर फैक्ट्री लेकर जाते हु
विज्ञापन
बीबीएन में गाड़ियों की डिक्की में भरकर ढोए जा रहे श्रमिक
विज्ञापन

यातायात नियमों का सरेआम कर रहे वाहन चालक उल्लंघन
निजी कारों का धड़ल्ले से व्यावसायिक किया जा रहा इस्तेमाल
श्रमिकों की जान जोखिम में, सरकार को भी राजस्व का नुकसान
सुरेंद्र शर्मा
बद्दी(सोलन)। एशिया के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में श्रमिकों के परिवहन के लिए निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। इन वाहनों में निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक श्रमिकों को बैठाया जा रहा है। कई वाहनों की डिक्की तक में लोगों को बैठाकर फैक्टरियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे उनकी जान जोखिम में पड़ रही है। यह मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह व्यवस्था लगातार जारी है।
सुबह और शाम शिफ्ट बदलने के समय बड़ी संख्या में ऐसे वाहन सड़कों पर देखे जा सकते हैं। निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विपरीत होने के बावजूद लंबे समय से बिना रोक-टोक जारी है। बीबीएन की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी आम हो गई है। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है और कई लोग घायल हो रहे हैं। इसके बावजूद क्षमता से अधिक सवारियां ढोने वाले वाहनों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। खराब सड़कों और भारी वाहनों के दबाव के बीच ओवरलोड वाहन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
विज्ञापन

सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि निजी वाहनों में क्षमता से अधिक श्रमिकों को बैठाकर व्यावसायिक परिवहन करना उनके जीवन के साथ सीधा खिलवाड़ है। दुर्घटना होने की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना भी मुश्किल हो सकता है। यदि श्रमिकों के परिवहन के लिए परमिटधारी व्यावसायिक वाहनों का उपयोग किया जाए तो यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ सरकार को कर और परमिट शुल्क के रूप में राजस्व भी प्राप्त होगा। वर्तमान व्यवस्था में सुरक्षा और सरकारी राजस्व दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सड़क सुरक्षा जागरूकता क्लब के उपाध्यक्ष चिंतन चौधरी, संरक्षक आर. राणा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष हर्ष आर्य ने प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि श्रमिकों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिक परिवहन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
विज्ञापन

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने और निजी वाहनों के दुरुपयोग के मामलों में नियमानुसार चालान किए जा रहे हैं।
-अशोक वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
-कृष्ण चंद, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें