परिजनों ने कंपनी प्रबंधकों पर लगाया हत्या का आरोप
पुलिस ने मामला किया दर्ज, शव परिजनों को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी तहसील की नालका पंचायत के जाखड़ कनेता गांव के एक 22 वर्षीय युवक ने भटोली कलां स्थित कंपनी में ड्यूटी के दौरान फंदा लगा लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जाखड़ कनेता गांव का 22 वर्षीय गुरमीत आईटीआई करने के बाद बद्दी के भटोली कलां में एक माइक्रो क्राफ्ट कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार मंगलवार देर सायं उसने कंपनी की तीसरी मंजिल में फंदा लगा लिया। परिजनों का आरोप है कि युवक को तीसरी मंजिल में बैठा हुआ दिखाया गया है। उसके पास मोबाइल भी रखा हुआ है, जबकि कंपनी में मोबाइल ले जाने की पाबंदी है। परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि बरोटीवाला पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नालागढ़ में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। उधर, नलका पंचायत के उपप्रधान मस्तराम ने बताया कि अंतिम संस्कार कर दिया गया है।