धर्मपुर बाजार में पड़ी सामाग्री को हटाते हुए कर्मी। संवाद
- फोटो : यूपीसीडा अस्थान जलेसर रोड का फोटो व मानचित्र। संवाद
फोरलेन निर्माण कंपनी जल्द करवाएगी नालियां साफ,बीते दिनों एनएचएआई अधिकारियों ने किया था दौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। परवाणू-सोलन फोरलेन पर सफर को सुगम और सुंदर बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कमर कस ली है। धर्मपुर बाजार के पास मनसा माता पहाड़ी से गिरे मलबे और अन्य वेस्ट मटेरियल को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। सलाहकार की टीम के दौरे के बाद एनएचएआई ने निर्माण कंपनी को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। धर्मपुर बाजार से करीब 100 मीटर की दूरी तक सड़क किनारे नालियों के ऊपर मिट्टी और मलबे का ढेर लगा हुआ था, जिससे जल निकासी बाधित हो रही थी। अब मशीनरी की मदद से इस मलबे को हटाया जा रहा है। इसके साथ ही हाईवे किनारे पड़ी सीमेंट-कंक्रीट की दो पुरानी पुलियों और एक लोहे के फुटब्रिज के वेस्ट मटेरियल को भी जल्द ठिकाने लगाया जाएगा। बीते दिनों एनएचएआई के सलाहकार राजेश्वर जसवाल ने तीन सदस्यीय टीम के साथ फोरलेन का निरीक्षण किया था। उन्होंने एनएच कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि हाईवे पर लगी सभी खराब स्ट्रीट लाइटों की जांच की जाए और एक सप्ताह के भीतर उन्हें ठीक कर चालू किया जाए, ताकि रात के समय वाहन चालकों को असुविधा न हो।
बिना अनुमति लगे फ्लैक्स बोर्डों पर भी गिरेगी गाज
हाईवे की सुंदरता बिगाड़ने वाले अवैध होर्डिंग्स पर भी प्रशासन सख्त हो गया है। एनएच कंपनी के प्रवक्ता मंजीत सिंह ने बताया कि एनएचएआई के आदेशानुसार हाईवे किनारे बिना अनुमति के लगाए गए सभी फ्लैक्स बोर्डों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
धर्मपुर बाजार में पड़ी सामाग्री को हटाते हुए कर्मी। संवाद- फोटो : यूपीसीडा अस्थान जलेसर रोड का फोटो व मानचित्र। संवाद