संकरी जगह पर कंक्रीट के लगाए जा रहे डंगे
गाड़ियों की क्रॉसिंग होगी आसान
दुर्घटनाओं में भी होगी कमी, टक्कर के मामलों में भी आएगी गिरावट
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। कसौली-धर्मपुर सड़क को डंगा लगाकर चौड़ा करने का काम शुरू हो गया है। सड़क चौड़ीकरण से आने वाले दिनों में वाहन चालकों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। संकरी जगहों पर सड़क के निचले हिस्से पर कंक्रीट का डंगा लगाकर मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है।
काम पूरा होने के बाद दोनों ओर से आने वाले वाहनों की क्रॉसिंग आसान हो जाएगी। अभी तक कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के कारण एक ही दिशा से वाहन निकल पाते थे। इससे जाम की स्थिति बन जाती थी। वीकेंड में धर्मपुर-कसौली सड़क पर ट्रैफिक फ्लो अधिक होने से चालकों को खासा परेशान होना पड़ता था।
पहले चरण में धर्मपुर के कसौली चौक से गढ़खल तक सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इसके बाद गढ़खल से कसौली तक भी इसी तर्ज पर काम किया जाएगा। कसौली चौक से गढ़खल की दूरी करीब आठ किलोमीटर है।
निजी बस चालकों ने लोक निर्माण विभाग के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि काम को जल्द पूरा किया जाना चाहिए। इससे यात्रियों और चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद गर्ग ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से वाहन चालकों और पर्यटकों को काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से कसौली क्षेत्र की सड़कों को और बेहतर बनाने की मांग भी की।
सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। जहां-जहां सड़क तंग है, वहां निचली ओर डंगे का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही काम पूरा करने का लक्ष्य है। धर्मपुर-कसौली सड़क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विशाल भारद्वाज, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, कसौली