एनएच-5 से परवाणू को जोड़ने वाले लिंक रोड को जेसीबी की मदद से बनाने का कम करते लोक निर्माण विभाग
पुल क्षतिग्रस्त होने से 15 पंचायतों का कटा है संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद एनएच-5 से परवाणू को जोड़ने वाले प्रस्तावित लिंक रोड का काम मंगलवार को शुरू कर दिया गया। लिंक रोड बनने से कामली क्षेत्र के उद्योगों, कोल्ड स्टोर, स्कूलों और करीब 15 पंचायतों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते दिनों भारी बारिश से परवाणू से कामली जाने वाले मार्ग पर एक पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे कामली क्षेत्र के दर्जनों उद्योगों और आसपास की करीब 15 पंचायतों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया था। मार्ग बाधित होने से उद्योगों में कच्चा माल पहुंचाने और तैयार माल बाहर भेजने में परेशानी आ रही थी। इससे उद्योगों को रोजाना लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा था।
रविवार को विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने परवाणू और टकसाल पंचायत क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया था। उन्होंने अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद जिलाधीश को लिंक रोड का काम शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने मंगलवार को लिंक रोड और क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया। काम शुरू होने से लोगों और उद्योग जगत को राहत मिलेगी।