छोटी माली में ईरान के पहलवान हुसैन बने विजेता
मानपुरा पंचायत में 8 लाख की कुश्ती आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। मानपुरा पंचायत और कुश्ती आयोजन समिति की ओर से दंगल का आयोजन किया गया। बड़ी माली पर हरियाणा के झझर निवासी दिनेश गुलिया ने कब्जा जमाया। उन्होंने पंजाब के होशियारपुर के सद्दाम को पटकनी दी। छोटी माला में ईरान के हुसैन विजेता रहे। उन्होंने डेरा बाबा नानक के मेजर को पराजित किया। इसके अलावा दो और छोटी माली में रोहित फौजी ने होशियारपुर के बिल्लु व नयनादेवी के बंटी ने जग्गा अजनाला को पराजित किया।
आयोजन समिति के महासचिव तीर्थ राम शर्मा ने बताया कि पंचायत की ओर से 8 लाख रुपये की कुश्ती प्रतियोगिता कराई। इसमें देश-विदेश के नामी पहलवानों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान 250 कुश्तियां हुईं। बड़ी माली के विजेता को 80 हजार व उपविजेता पहलवान 70 हजार को दिए गए। छोटी माली में ईरान के हुसैन को 75000 रुपये और उपविजेता मेजर डेरा नानकपुर को 65000 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
समारोह के मुख्यातिथि दून के विधायक चौधरी राम कुमार ने विजेता व उप विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया। विधायक राम कुमार ने दंगल कमेटी को 11 हजार व विधि चंद राणा ने 21 हजार रुपये की राशि दी। इस मौके पर कुश्ती संघ हिमाचल प्रदेश के सलाहकार आशीष धीमान, अनुसूचित जनजाति मोरचा के जिला अध्यक्ष नारायण दास, मानपुरा पंचायत के प्रधान नामदेव, उपप्रधान ज्ञान चंद, महासचिव तीर्थ राम शर्मा उपस्थित रहे।