सोलन। नौणी विवि में मेरा युवा भारत सोलन के तत्वावधान में युवा संसद पहल के तहत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का जिला स्तरीय चरण आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक भागीदारी को बढ़ावा देना और उन्हें वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से जोड़ना था। प्रतियोगिता में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 28 मेधावी युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर तीन मिनट के भाषण में हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में बेबाक विचार रखे। बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर ईशा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स़ृष्टि चौहान दूसरे और तुषार आनंद तीसरे स्थान पर रहे। ये तीनों विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सोलन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। विजेताओं और प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि देश की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साधने में युवाओं की भूमिका रीढ़ के हड्डी समान है। उन्होंने युवाओं से स्टार्टअप संस्कृति अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और भविष्य के सजग नीति निर्माता बनने का आह्वान किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरमिंदर सिंह बवेजा ने युवाओं को विकास का मुख्य वाहक बताया। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष शीला कुमारी, महापौर सुषमा शर्मा, निदेशक अनुसंधान डॉ. देविना वैद्य और जिला युवा अधिकारी भूपेंद्र गिल उपस्थित रहे।