हिमालया फाउंडेशन ने किया सम्मान समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बद्दी में हिमालया जन कल्याण समिति की ओर से राज्य स्तरीय हिम गौरव नारी शक्ति सरोकार अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कई महिलाओं को सम्मानित किया गया। महाराणा प्रताप नगर में आयोजित समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर प्रो. बिंदू शर्मा ने शिरकत की। हिमालया फाउंडेशन के चेयरमैन सतीश सिंघल ने अध्यक्षता की और विशिष्ट अतिथि के तौर पर बिरला टैक्सटाइल के उपाध्यक्ष आरके शर्मा ने शिरकत की। दून विधानसभा की पहाड़ी क्षेत्र की नेता मंजू शर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत नारी शक्ति व महिला दिवस के इतिहास से की।
मुख्य वक्ता प्रो. बिंदू शर्मा ने कहा कि इस साल की महिला दिवस की थीम एक ऐसी दुनिया, जहां हर किसी को बराबर का हक और सम्मान मिले के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवसर बहुत हैं लेकिन कोई भी लक्ष्य हम मिलजुलकर ही प्राप्त कर सकते हैं। जहां एक पुरुष की सफलता के पीछे एक महिला होती है तो महिला के संरक्षण संवर्धन व उच्च मुकाम के पीछे एक पुरुष ही होता है। इससे पहले पूरे हिमाचल से यहां अवार्ड लेने पहुंची मातृशक्ति का आर्थिक राजधानी बद्दी पहुंचने पर जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों ने पुष्प देकर स्वागत किया।
इनको मिला सम्मान-
इस दौरान वैष्णवी कश्यप नृत्य, शारदा शर्मा गायिकी, संतोष कुमारी कर्मठ आशा कार्यकर्ता, मानसी राणा खेल, आशा साहनी समाज सेवा, डाॅ. बिंदू शर्मा पत्रकारिता शिक्षा एवं शोध, शालिनी शर्मा शिक्षा, दया ठाकुर लीडरशिप, सीमा देवी आशा कार्यकर्ता, सुमन देवी आशा कार्यकर्ता, सरला देवी आशा कार्यकर्ता, मुक्ता गुप्ता शिक्षा, निशा कुमारी शिक्षा, ममता ठाकुर खेल, अधिवक्ता सुमन रंजन महिला सशक्तिकरण, नीतू अधिवक्ता महिला सशक्तिकरण, पूजा स्वच्छता, डोली स्वच्छता, पूनम स्वच्छता, रीना स्वच्छता, ममता स्वरोजगार, गुंजन जिंदल युवा उद्यमी, दविंद्र कौर महिला सशक्तिकरण, अंजु पटियाला शिक्षा, ममता गुप्ता स्वरोजगार, सोनू देवी राजनीति, अपूर्वा पटेल ऑनलाइन गोल्ड मैडलिस्ट, नीरज बंसल उच्च शिक्षा, रमा कुमारी शिक्षा, सुरेंद्रा देवी श्रेष्ठ महिला सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। इन सभी महिलाओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।